राजस्थान यूनिवर्सिटी में आरएलपी का हंगामा

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और छात्र नेताओं ने शुक्रवार को राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए करीब दो दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जबकि अन्य छात्रों को मौके से खदेड़ दिया गया।
https://youtu.be/Z5CevrquaO8?si=JG0Rb-pWLh6Yv3Qy
छात्र नेता कमल चौधरी ने बताया कि भैराणा में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल एरिया और आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल द्वारा मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। भाजपा नेताओं की ओर से बेनीवाल के बयान की आलोचना के विरोध में आरएलपी कार्यकर्ता और छात्र विश्वविद्यालय परिसर में जुटे है। जहां प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय से बाहर विरोध मार्च निकालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और बहस शुरू हो गई, जो बाद में उग्र हो गई। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया।
इस कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस ने लाठियां भांजते हुए भीड़ को तितर-बितर किया।
प्रदर्शन में शामिल छात्र नेता कमल चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार छात्रसंघ, पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव समय पर नहीं करा रही है तथा विभिन्न मुद्दों पर जनता परेशान है। आरएलपी नेता लादूराम गोदारा ने कहा कि बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर जनता नाराज है। वहीं मानाराम ढोलिया ने कहा कि भैराणा धाम से जुड़े आंदोलन की सरकार ने अनदेखी की है और छात्र हितों के मुद्दे को लेकर विश्वविद्यालय से आवाज उठाई गई है।
You might also like