आरएलपी के कार्यकर्ताओं ने किया थानाधिकारी का अभिनंदन
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने की शिकायत पर प्रसंज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी को राउंडअप किया है। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता प्रकट करते हुए आज शुक्रवार को थाना प्रभारी गौरव खिड़िया का अभिनंदन किया। मामले के अनुसार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गत दिवस शिकायत दर्ज करवाते हुए सीआई खिड़िया को ज्ञापन सौंपा कि गांव दीपसर निवासी संदीप द्वारा सोशल मीडिया पर लाइव आकर आरएलपी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, जिससे कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई है। थानाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण में आरोपी को राउंडअप कर थाना लाया गया। जिसके बाद शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता जताते हुए पुलिस प्रशासन के पक्ष में नारे लगाए तथा पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गजानन सिहाग के नेतृत्व में सीआई खिड़िया का सम्मान किया। इस अवसर पर जाकिर हुसैन, जाबिर खान, मुकेश सहारण, रामचंद्र बांगड़वा, किशन सोनी, मनोज जाट, रणजीत, नेमीचंद जाट, संतोष कुमार, कैलाश पड़गड़ सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।