कचरा पात्र में कचरा डालकर लगाई जा रही है आग

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ नगरपालिका द्वारा कचरा संग्रहण करने वाले पात्रों में दुकानदारों द्वारा कचरा जलाकर जहां प्रदूषण फैलाया जा रहा है, वहीं सरकारी संपत्ति को नुकसान भी पहुंच रहा है। लेकिन इन सबके बावजूद नगरपालिका आंख मूंदकर बैठी है। दिए तले अंधेरे वाली कहावत तो सभी ने सुनी होगी, लेकिन यह कहावत नगरपालिका पर चरितार्थ भी हो रही है। नगरपालिका के पास पोस्ट ऑफिस रोड पर कचरा संग्रहण के लिए रखे पात्र में अज्ञात ने गन्ने के छिलके डालकर उसमें आग लगा दी, जिससे उक्त कचरे का धुआं आसपास के वातावरण में फैल गया। इस स्थान पर रघुनाथ स्कूल एवं श्री गांधी बाल निकेतन जैसी दो बड़ी शिक्षण संस्थाएं है। सुबह के समय कचरा जलता है, उसी दौरान स्कूल में विद्यार्थियों का आना होता है। ऐसे में इस गन्दगी के जलने से फैला धुआं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर डाल रहा है और जिम्मेदार मौन है। पूर्व पार्षद अमरचंद सैनी ने बताया कि यह समस्या एक दिन की नहीं है, यहां पर प्रतिदिन कचरे को जलाया जाता है। कचरा पात्र में आग जलने से उसे भी नुकसान पहुंच रहा है, जो सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की श्रेणी में आता है। लेकिन पालिका द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि शहर में इस तरह से कचरे का निस्तारण कई जगहों पर किया जा रहा है।

You might also like