बीस हजार की रिश्वत लेते रोडवेज के मुख्य प्रबंधक गिरफ्तार

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) दौसा आगार के मुख्य प्रबंधक विश्राम मीणा को बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा की गई।
एसीबी पुलिस महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी हेल्पलाइन नंबर 1064 पर परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बीमारी के चलते 18 दिसंबर 2025 से मेडिकल अवकाश पर था और 19 जनवरी 2026 को स्वस्थ होने के बाद ड्यूटी जॉइन कर ली थी। उसने अपने मेडिकल से जुड़े सभी दस्तावेज कार्यालय के बाबू (एलडीसी) भगवत जी को जमा करा दिए थे। इसके बाद 25 मार्च 2026 को परिवादी जब मेडिकल अवकाश स्वीकृत करवाने के लिए मुख्य प्रबंधक विश्राम मीणा से मिला तो उन्होंने इसके एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान 2 अप्रैल और 7 अप्रैल 2026 को भी रिश्वत मांग की पुष्टि हुई।
इस पर उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरवीजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी विश्राम मीणा को परिवादी से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।

You might also like