सफाई व्यवस्था की खुली पोल, ओवरफ्लो कचरा पात्र से राहगीर परेशान

विनोद स्वामी
मुकुंदगढ़ (नवयत्न) । नगर पालिका की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी के अभाव में शहर के कई वार्डों में कचरा पात्र समय पर खाली नहीं किए जा रहे हैं। कचरा पात्र ओवरफ्लो होकर आसपास गंदगी फैला रहे हैं।
ऐसा ही नजारा कस्बे के बेसवालों की कोठी के पास देखने को मिला। कचरा पात्र पूरी तरह भर जाने के कारण कचरा बाहर सड़क तक फैल गया। कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण वहां से गुजरने वाले राहगीरों और आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया की कचरा नियमित रूप से नहीं उठाए जाने के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। कोठी के पास ही लगभग 50 वर्षों से आवारा गौवंश को चारा खिलाया जाता है। ऐसे में गौवंश चारे के साथ कचरा पात्र में पड़ी प्लास्टिक की थैलियां और अन्य अपशिष्ट भी खाते हुए दिखाई देते हैं। गौवंश के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।

You might also like