पेयजल समस्या को लेकर एक्शन मोड में दिखे एसडीएम राहुल मल्होत्रा
नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न) । धोद एसडीम राहुल मल्होत्रा गुरुवार सुबह पेयजल समस्याओं को लेकर एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने धोद नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों का दौरा कर आमजन से सीधे संवाद किया और पानी सप्लाई की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा समस्याओं के तुरंत समाधान के आदेश भी जारी किए गए।
कोल्डी क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर मिली शिकायत पर एसडीएम राहुल मल्होत्रा मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने तुरंत कार्य शुरू करवाया। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इसके बाद उन्होंने ठेलाना चौक का निरीक्षण किया, जहां लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा नगरपालिका द्वारा चल रहे कार्यों का भी जायजा लिया गया। मालियों के मोहल्ले में स्थानीय निवासी महावीर सैनी ने एसडीएम को बताया कि उनके क्षेत्र में अभी तक नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है और लोग खेतों में लगे ट्यूबवेल के पानी पर निर्भर हैं, जो पीने योग्य भी नहीं है।
वहीं सरवड़ी रोड क्षेत्र में एसडीएम ने घरों के बाहर खड़े रहकर लोगों से पानी सप्लाई को लेकर जानकारी ली। एक महिला ने बताया कि पहले पानी की समस्या रहती थी, लेकिन अब सुबह-शाम पानी आने लगा है।
रेगर मोहल्ले में महिलाओं ने एसडीएम को बताया कि कई बार 10 से 15 दिन तक पानी सप्लाई नहीं होती, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर एसडीएम राहुल मल्होत्रा ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान एसडीएम राहुल मल्होत्रा ने आमजन को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लोग सीधे उनके कार्यालय में आ सकते हैं। उन्होंने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है, आप बेहिचक मेरे ऑफिस में आकर अपनी बात रख सकते हैं, मैं वहीं मिलूंगा।”
इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता प्रवीण मातवा, धोद नगरपालिका अधिशासी अधिकारी कालूराम सहित कई विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।