धोद के 220 केवी जीएसएस में लगी आग पर समय रहते पाया काबू, उपकरण सुरक्षित

नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न) । धोद इलाके स्थित 220 केवी जीएसएस में शुक्रवार दोपहर हैवी फॉल्ट के बाद आग लग गई। आग जीएसएस के फेंसिंग क्षेत्र में भड़की और देखते ही देखते आसपास फैल गई। आग की चपेट में आने से कुछ जगहों पर सूखी घास और आसपास के सूखे पेड़ भी जल गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग मुख्य विद्युत उपकरणों और ट्रांसफार्मर तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगते ही जीएसएस कर्मचारियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए अग्निशामक यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता के चलते आग को बाहरी हिस्से तक ही सीमित रखा गया।
घटना की सूचना मिलने पर सीकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल वाहन मौके तक पहुंच गया था, लेकिन तारबंदी वाले क्षेत्र में आग होने के कारण अंदर जाने में दिक्कत आई। इसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पाइप अंदर ले जाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
जीएसएस के एक्सईएन एनके गुप्ता ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे हैवी फॉल्ट होने के बाद फेंसिंग क्षेत्र में आग लगी थी। कर्मचारियों ने तुरंत आग पर नियंत्रण का प्रयास शुरू कर दिया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। समय रहते कार्रवाई होने से जीएसएस के सभी मुख्य इक्विपमेंट सुरक्षित रहे।

You might also like