गर्मी के मौसम में जलसेवा पुण्य का कार्य: तहसीलदार
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । द यंग्स क्लब ऑफ सुजानगढ़ द्वारा भीषण ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए शीतल पेय जल सेवा प्रकल्प के तहत क्लब अध्यक्ष निर्मल भूतोडिया एवं सांस्कृतिक सचिव गिरधर शर्मा की प्रेरणा द्वारा द्वितीय चरण में नगर के चार स्थानों पर निशुल्क पेयजल सेवा आज शुरू की गई। तहसील कार्यालय के समक्ष मुख्य अतिथि तहसीलदार गिरधारी लाल पारीक ने इस पुनीत मुहिम का उद्घाटन किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने बताया कि राहगीरों एवं आम जनता के लिए शीतल जल उपलब्ध करवाना पुण्य का कार्य है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था व्यक्तिगत स्तर पर करने का आह्वान किया। भामाशाह व चिकित्सक डॉ सरोज छाबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्लब संस्थापक अध्यक्ष दानमल भोजक ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आज चार जल पॉइंट में तहसील कार्यालय के सामने मोहिनी देवी छाबड़ा की स्मृति में उनके पुत्र डॉ सरोज छाबड़ा के सौजन्य से, देवसागर सिंघी जैन मंदिर ट्रस्ट के द्वारा सिंघी मंदिर के पीछे मनु देवी सुराणा की स्मृति में झंकार नवरत्नमल सुराणा ट्रस्ट, कोलकाता के सहयोग से, पंचायत समिति के सामने श्रीमती कौशल्या प्रकाशचंद्र गुलेरिया के सौजन्य से ठरड़ा के शिवालय पर उक्त पेय जल व्यवस्था शुरू की गई है। इस अवसर पर अति. प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश बंजारा, हेमराज नाहटा, अभिलाष छाबड़ा, स्नेहप्रभा मिश्रा, कौशल्या गुलेरिया, हाजी मोहम्मद, योगेंद्र भोजक, अमित शर्मा, अंकित चोटिया, प्रतीक चोटिया, काशिफा, हरिओम, संदीप पारीक, रूपचंद स्वामी आदि मौजूद रहे। सभी ने क्लब के इस सेवा कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।