149 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी जयपुर में नशा तस्करों और ड्रग्स माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और महेश नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 149 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम को नशा तस्करी के संबंध में पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महेश नगर थाना इलाके में स्थित सामुदायिक केंद्र के पास घेराबंदी की। वहां मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से प्लास्टिक की पारदर्शी थैली में 149 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में राजकुमार मीणा (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से करौली जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव कोडर का रहने वाला है। पुलिस ने मौके से स्मैक के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद किया है।
पुलिस अब आरोपी राजकुमार मीणा से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह स्मैक कहाँ से लेकर आया था और जयपुर में इसके मुख्य खरीदार कौन हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस तस्कर के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।