हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच, सुरक्षित मातृत्व के लिए चलाया विशेष अभियान
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । प्रदेशभर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने और प्रसव के दौरान मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से लाडनूं के उपजिला राजकीय चिकित्सालय में पांच दिवसीय सघन प्रसूता जांच शिविर का आयोजन किया गया। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. शक्तिसिंह शेखावत ने बताया कि शिविर के दौरान 200 से अधिक गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) वाली महिलाओं की विशेष स्क्रीनिंग करते हुए उनकी करीब एक दर्जन आवश्यक जांचें कराई गईं, ताकि समय रहते जटिलताओं की पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। शेखावत ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रसव के दौरान महिलाओं की मृत्यु दर तथा नवजात शिशुओं में होने वाली जटिलताओं को कम करना है। राजकीय चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. भरत कसेरा ने बताया कि शिविर में गर्भवती महिलाओं के आवश्यक परीक्षण किए गए। जांच के आधार पर हाई रिस्क गर्भवति महिलाओं को नियमित फॉलोअप के लिए चिन्हित किया गया। इस दौरान ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर विकास स्वामी ने भी शिविर का निरीक्षण कर एएनएम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शिविर में डॉ. अभिमन्यु जोशी, डॉ. सुरेश कुमावत, डॉ. महेंद्र वर्मा, एएनएम मंजू, एएनएम अंजू, मुन्नीदेवी एवं अणची देवी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।