नीट यूजी में मोहित तेतरवाल का चयन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । निकटवर्ती ग्राम बाड़ा के प्रतिभाशाली छात्र मोहित का राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में चयन होने पर गांव में खुशी का माहौल है। सफलता की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर तथा डीजे बजाकर जश्न मनाया और मोहित का स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शिक्षक नेता पुसाराम ने बताया कि मोहित ने नीट-यूजी परीक्षा में सामान्य वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर 12,899 वीं रैंक तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में 5,927वीं रैंक प्राप्त कर गांव एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मोहित की इस उपलब्धि पर लक्ष्मण सिंह चारण,रामदेव , मनीष सारण, दुर्गादास, अध्यापक अशोक कुमार नायक सहित अनेक ग्रामीणों ने बधाई देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मोहित के पिता शंकरलाल तेतरवाल सामान्य किसान हैं, जबकि माता हरियाली देवी गृहिणी हैं। मोहित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और आशीर्वाद से ही यह सफलता संभव हो सकी।