एसएमएस मेडिकल कॉलेज में छात्र ने की आत्महत्या
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । एसएमएस थाना इलाके में सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की आठवीं मंजिल पर सीढ़ियों की रैलिंग पर एक एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र ने फंदे से लटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शनिवार सुबह छात्र को फंदे से लटका देख हॉस्टल परिसर में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया।
थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि नितिन यादव (22) पुत्र अर्जुन सिंह अलवर निवासी 20 दुकान नायला हाउस के पास अपने कुछ दोस्तों के साथ किराए के फ्लैट पर रहता था। शनिवार को नितिन का फोरंसिक मेडिसिन का पेपर था। नितिन अपने दोस्तों के साथ एसके मेनन हॉस्टल में पढ़ने गया था। रात करीब 2 बजे वो अपने फ्लैट पर जाने की बात कहे कर वहां से निकल गया और करीब पौने तीन बजे वो न्यू आर डी हॉस्टल पहुंचा। वहां पर सुबह करीब सवा तीन आठवीं मंजिल पर पहुंच कर नितिन ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि मृतक के पास कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं है। घटना स्थल पर केवल एक स्मार्ट फोन और लैपटॉप मिला है। हॉस्टल स्टाफ का कहना है कि छात्र लैपटॉप बैग में रस्सी लेकर आया था।