तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्र प्रेम का संदेश

निसं
जयपुर (नवयत्न) । हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सी-स्कीम स्थित महावीर पब्लिक स्कूल में गुरुवार को विशेष प्रार्थना सभा और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा थामकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना व्यक्त की।
विद्यार्थियों ने ओजस्वी भाषण, भावपूर्ण कविताओं, प्रेरणादायी उद्धरणों और देशभक्ति गीतों के माध्यम से मातृभूमि के प्रति सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष उमराव मल सांघी, मानद मंत्री सुनील बख्शी, कोषाध्यक्ष महेश काला, कार्यकारिणी सदस्य विनोद जैन कोटखावदा, संयोजक सुदीप ठोलिया और प्रधानाचार्या सीमा जैन मौजूद रहीं।
अध्यक्ष उमराव मल सांघी और मानद मंत्री सुनील बख्शी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें मातृभूमि के प्रति सम्मान और राष्ट्र की एकता-अखंडता को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण तिरंगा यात्रा रही। विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ यात्रा निकाली। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते विद्यार्थियों ने देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता की भावना विकसित करना है।

You might also like