छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बारे में दी जानकारी
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में टैगोर पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय व श्री योगी मकड़ी नाथ विधालय में तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण जांगिड़ उपस्थित रहे। उनके साथ तालुका समिति सदस्य संतोष बाबू इंदौरिया एवं अधिवक्ता लक्ष्मण प्रजापत, मनीष शर्मा,
लोक अभियोजक जयकांत बिलाल, बी ई ईओ संदीप व्यास
ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति सजग करते हुए ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी, फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचाव के उपाय बताए गए। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है, इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतें।विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया । साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य हनुमान न्योल, महेंद्र सिंह राठौड़ एवं निदेशक ओमप्रकाश नैन सहित समस्त स्टाफ की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन कृष्णा लढ़ा द्वारा किया गया। अंत में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता जताई।