स्कूल में विद्यार्थियों को बांटी पाठ्य सामग्री
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । गोठड़ा की शहीद धर्मपाल सैनी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खेतड़ी स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी की ओर से मंगलवार को कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी बबलू अवाना थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खेतड़ी स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष सुधा शर्मा, सचिव हसरत हुसैन मौजूद थे। अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुभाष चनेजा ने की। मुख्य अतिथि बबलू अवाना ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना पुण्य का कार्य है और समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर विद्यार्थियों की मदद करनी चाहिए, ताकि बच्चे बेहतर भविष्य बना सकें।प्रधानाचार्य सुभाष चनेजा ने कहा कि स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी द्वारा हर वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे बच्चों को पढ़ाई में प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने संस्था का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है। पाठ्य सामग्री समाज सेवी बबलू अवाना, हसरत हुसैन एवं सुधा शर्मा द्वारा वितरण की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य सामग्री वितरित की गई। इस मौके पर शबनम, उषा, महिपाल, होशियार सहित विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीण मौजूद थे।