बैंक के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्रवाई के लिए रिश्वत लेते एसआई गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार को कोटपूतली थाने में कार्रवाई करते हुए पुलिस उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह को परिवादी से 3 हजार 500 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी एसआई बैंक के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कार्रवाई करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था। एसीबी उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ रामेश्वर सिंह के अनुसार परिवादी ने बैंक के खिलाफ न्यायालय के माध्यम से कोटपूतली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की जांच उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कर रहे थे। आरोप है कि मुकदमे में आगे की कार्रवाई करने के बदले उन्होंने परिवादी से 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान 19 अगस्त को आरोपी द्वारा 5 हजार रुपए मांगने की पुष्टि हुई। इस सत्यापन के दौरान उसने परिवादी से 1 हजार 500 रुपए रिश्वत ले ली और शेष 3 हजार 500 रुपए बाद में देना तय हुआ। मांग की पुष्टि के बाद के एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की कार्रवाई करते हुए 3 हजार 500 रुपए लेते एसआई राजेन्द्र सिंह को पकड़ा।

You might also like