स्वतंत्रता दिवस पर सूबेदार सोनी लेफ्टिनेंट पद पर पदोन्नत, गांव का बढ़ाया गौरव
निसं
बुगाला (नवयत्न)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय सेना में करीब 30 वर्षों तक देश की सेवा करने वाले कोलसिया निवासी सूबेदार मुरारी लाल सोनी को राष्ट्रपति के आदेशानुसार लेफ्टिनेंट पद पर पदोन्नति मिली है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मिली इस पदोन्नति से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। लेफ्टिनेंट सोनी ने भारतीय सेना में रहते हुए तीन दशक तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा की। सूबेदार पद से लेफ्टिनेंट के पद पर पदोन्नति को उनकी दीर्घकालीन सैन्य सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। परिजनों ने कहा कि सोनी की इस उपलब्धि से पूरे परिवार के साथ-साथ गांव का भी गौरव बढ़ा है। स्वतंत्रता दिवस के दिन मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए विशेष सम्मान का विषय है। यह जानकारी उनके भतीजे श्याम सोनी ने दी। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह गौरव का क्षण है और लेफ्टिनेंट सोनी की 30 वर्षों की देश सेवा पर सभी को गर्व है। ग्रामीणों ने भी उनकी पदोन्नति पर खुशी जताते हुए देश सेवा के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।