रेलमंत्री के जन्मदिन पर जंक्शन की मांग को देंगे नई धार, खून से लिखकर भेजेंगे पत्र
नीलेश मुद्गल
झुंझुनू (नवयत्न)। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति द्वारा संचालित “झुंझुनूं मांगे रेलवे जंक्शन” जन संघर्ष अभियान अब एक अनोखे अंदाज में नया मोड़ लेने जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 18 जुलाई को अपराह्न 3 बजे झुंझुनू रेलवे स्टेशन पर भारत सरकार के रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का 56वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा।
समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन केवल जन्मदिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से झुंझुनू को रेलवे जंक्शन बनाने की मांग को और अधिक मजबूती दी जाएगी। कार्यक्रम में रेलमंत्री को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक, डीआरएम, जिला कलेक्टर, सांसद एवं स्थानीय विधायक सहित शहर के गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रण भेजा जाएगा।
समिति द्वारा रेलमंत्री को झुंझुनू आमंत्रित करने के लिए त्रि-स्तरीय निमंत्रण प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसमें तीसरा निमंत्रण पत्र खून से लिखकर भेजने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे आंदोलन की गंभीरता को दर्शाया जा सके।
कार्यक्रम के तहत रेलवे स्टेशन को फूलों और गुब्बारों से सजाया जाएगा तथा 21 किलोग्राम का विशेष केक तैयार करवाया जाएगा। गाजे-बाजे की मधुर धुन के बीच केक काटा जाएगा और इसके बाद रेल यात्रियों को मिठाई वितरित की जाएगी।
समिति के महासचिव डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि समारोह को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति के सांस्कृतिक मंडल के नेतृत्व में बाल कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा रेलमंत्री का राजस्थानी परंपरा के अनुसार अभिनंदन किया जाएगा।
संरक्षक मंडल प्रमुख गणेश कुमार हलवाई ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं और जल्द ही एक बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि पूर्व में मीटर गेज से ब्रॉड गेज परिवर्तन की मांग को लेकर तत्कालीन रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन भी झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर मनाया गया था, जिसके बाद क्षेत्र को ब्रॉड गेज का लाभ मिला। इसी क्रम में अब रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का जन्मदिन भी ऐतिहासिक रूप से मनाकर झुंझुनूं को रेलवे जंक्शन बनाने की मांग को और अधिक मजबूती दी जाएगी।