नगरपालिका ने किया हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी नगरपालिका की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से शहरवासियों को देशभक्ति की भावना के साथ अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। नगरपालिका अधिकारियों व कर्मचारियों ने आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अभियान के दौरान लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। इसी प्रकार स्वच्छ वातावरण बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नगरपालिका ईओ नागरमल गुर्जर ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है और स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी है । उन्होंने कहा कि देश के प्रति सम्मान केवल राष्ट्रीय पर्व तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में भी देशहित और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ आसपास गंदगी नहीं फैलाएं और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। अभियान के तहत नगरपालिका क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा। नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे अभियान को जनभागीदारी का रूप देते हुए अपने घर, गली और मोहल्ले को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
अधिकारियों ने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक अपने घर और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाएगा, तभी स्वच्छ, सुंदर और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव होगा। इस मौके पर जेईएन नगेंद्र सिंह, एसआई सुनील सैनी, सुखराम गुर्जर, संदीप शर्मा, नरेश कुमार, संतोष कुमार, मोहित, अजय कुमार, सुरेश कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।