अपनी ही कार का नंबर दूसरी गाड़ी पर देख चौंका मालिक

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के भट्टा बस्ती इलाके में फर्जी नंबर प्लेट का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक ही वाहन नंबर का इस्तेमाल कई गाड़ियों पर किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले का खुलासा तब हुआ जब वाहन मालिक अब्दुल गनी ने अपनी ही कार के नंबर की फर्जी प्लेट लगी एक संदिग्ध कार को सड़क पर घूमते हुए देख लिया।
जानकारी के अनुसार अब्दुल गनी की कार का नंबर RJ 14 KF 8327 है। पीड़ित ने बताया कि रायसर प्लाजा के पास उन्होंने एक दूसरी गाड़ी पर अपनी कार का ही नंबर लगा देखा। शक होने पर उन्होंने तुरंत गाड़ी का पीछा किया। इस दौरान संदिग्ध वाहन चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन वाहन को पकड़ लिया गया। बाद में कार को भट्टा बस्ती थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है और उन्होंने पूर्व में भी इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद फर्जी नंबर प्लेट का खेल जारी रहा। अब मामले के सामने आने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वाले गिरोह असली वाहनों के नंबरों का दुरुपयोग कर लग्जरी और संदिग्ध गाड़ियों को सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन चोरी, अवैध गतिविधियों या टैक्स चोरी जैसे मामलों में तो इन नंबरों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था।
गौरतलब है कि राजस्थान में पूर्व में भी बड़े आरटीओ घोटालों का खुलासा हो चुका है। राज्य में वीआईपी नंबरों और फर्जी रजिस्ट्रेशन से जुड़े करोड़ों रुपए के घोटाले सामने आ चुके हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार कई गिरोह कबाड़ हो चुकी गाड़ियों के दस्तावेजों अथवा फर्जी कागजात के जरिए असली नंबरों को दूसरी गाड़ियों पर लगाकर अवैध रूप से संचालन करते हैं।
भट्टा बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है तथा फरार चालक और पूरे नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है।
You might also like