पुलिस ने सात फरार गिरफ्तारी वारंटी को धर—दबोचे
निसं
जयपुर (नवयत्न) । नाहरगढ़ थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे सात गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आसूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण और लगातार दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नाहरगढ़ थानाधिकारी सज्जन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शंकर चेडवाल, योगेश सोनी, विशाल मालावत, बंटी जोगी, अंशुमान लिंगाडिया, प्रदीप साहू और सुनील उमरवाल को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे थे और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे।
इस कार्रवाई में नाहरगढ़ थानाधिकारी सज्जन कुमार के साथ उपनिरीक्षक गिरधारी लाल, हेड कांस्टेबल शेरसिंह और राजकृष्ण तथा कांस्टेबल प्रदीपमान, घनश्याम, रामभगत, विजय कुमार और रविन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।