लोकतंत्र बचाओ का नारा भाजपा को ही कर रहा डैमेज : गहलोत

निसं 

जयपुर (नवयत्न)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को अपने आवास पर भाजपा और केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार विपक्ष के आंदोलनों और धरने-प्रदर्शनों को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें अपराधबोध की दृष्टि से देख रही है। पहले सरकारें विपक्ष के आंदोलनों से फीडबैक लेकर अपनी कमियों में सुधार करती थीं, लेकिन अब विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

गहलोत ने कहा कि भाजपा के नेता खुद लोकतंत्र बचाओ रैलियां निकाल रहे हैं, जबकि लोकतंत्र बचाने की बात हमेशा विपक्ष करता आया है। भाजपा का लोकतंत्र बचाओ नारा उसी की पार्टी को नुकसान पहुंचा रहा है और जनता का विश्वास लगातार कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में विपक्ष की ओर से किए गए आंदोलनों में अनुशासन और भाईचारा देखने को मिला है। चाहे जेन-जी का आंदोलन हो या इंडिया गठबंधन का, सभी में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया। इसके बावजूद भाजपा नेता विपक्ष के आंदोलनों में अराजकता फैलने के आरोप लगा रहे हैं।

गहलोत ने कहा कि जनता गवाह है कि विपक्ष के किसी भी आंदोलन में अराजकता नहीं हुई। भाजपा के नेता पहले कांग्रेस से 1 नवंबर की रैली स्थगित करने की मांग कर रहे थे और व्यापारियों को नुकसान होने की बात कह रहे थे, लेकिन अब खुद मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा नेता रोजाना सड़कों पर रैलियां निकाल रहे हैं। इससे व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो शांतिपूर्ण आंदोलन किए थे, भाजपा ने अपनी रैलियों के जरिए उन पर मुहर लगा दी है। अब जनता में भाजपा की बात सुनने वाला कोई नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण की आड़ में भाजपा पर परिसीमन कराने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिसीमन का उद्देश्य राजनीतिक लाभ हासिल करना है। असम में जिस तरह परिसीमन किया गया, उससे कांग्रेस को नुकसान हुआ। राजस्थान में भी निकाय और पंचायत चुनावों के लिए परिसीमन में भाजपा समर्थित वार्ड छोटे कर दिए गए, जबकि कांग्रेस समर्थित चार वार्डों को मिलाकर एक वार्ड बना दिया गया।

गहलोत ने कहा कि परिसीमन भी एसआईआर की तरह बड़ा मुद्दा है और देश के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। यदि भाजपा सरकार अपने उद्देश्य में सफल हो गई तो आशंका है कि भविष्य में देश में निष्पक्ष चुनाव की व्यवस्था ही प्रभावित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद चीन, रूस और नॉर्थ कोरिया की तरह चुनाव होंगे, जहां विपक्ष केवल नाम का रह जाएगा। चुनाव आयोग, पक्ष और विपक्ष सभी पर सत्ता पक्ष का नियंत्रण हो सकता है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा चुनाव जीत गई और तृणमूल कांग्रेस की 80 सीटें आईं, जिनमें से 60 विधायकों को तोड़कर नेता प्रतिपक्ष बना दिया गया। इस तरह वहां पक्ष और विपक्ष दोनों भाजपा के हो गए। भाजपा इसी मॉडल को पूरे देश में लागू करना चाहती है। यदि पक्ष और विपक्ष दोनों एक ही पार्टी के होंगे तो संविधान और लोकतंत्र का क्या होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाएं और जांच एजेंसियां दबाव में काम कर रही हैं। देश खतरनाक स्थिति से गुजर रहा है। नई पीढ़ी और देशवासियों को समय रहते इस स्थिति को समझना होगा।

गहलोत ने भाजपा के चुनावी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को 31 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि 70 प्रतिशत वोट उसके खिलाफ पड़े थे। वर्ष 2019 में भाजपा को 36 प्रतिशत वोट मिले। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा सत्ता में आई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर गहलोत ने कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है। उन्होंने दीपावली पर मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर शुभकामनाएं भी दी हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री और राज्यपाल जैसे संवैधानिक पदों का सम्मान होना चाहिए और कांग्रेस ने हमेशा इस परंपरा का पालन किया है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार की आलोचना करने का पूरा अधिकार है। यदि विपक्ष किसी मुद्दे पर सवाल उठाता है तो सरकार को उसे सकारात्मक रूप से लेना चाहिए। आरोपों में दम नहीं है तो सरकार को उनका खंडन करना चाहिए और यदि आलोचना सही है तो उसका अध्ययन कर सुधार करना चाहिए। इससे सरकार और जनता दोनों को फायदा होगा।

गहलोत ने प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनावों के लिए किए गए परिसीमन की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि इसका वास्तविक नुकसान चुनाव परिणाम आने के बाद ही सामने आएगा। चौथे चरण के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों के नेताओं की बाड़ाबंदी भी देखने को मिल सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव में पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए ठीक नहीं है। राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस चुनाव लड़ती रही हैं और हार-जीत होती रही है। यही स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा बनी रहनी चाहिए।

इससे पहले दीपावली के दूसरे दिन गहलोत ने अपने आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और गहलोत ने भी सभी को पर्व की बधाई दी।

You might also like