नंद के घर आनंद भयो के जयकारों से गूंजा कथा पंडाल

संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। बाबा गुलाब गिरी महाराज बीबासर की तपोभूमि पर महंत सताम गिरी महाराज के सानिध्य में चल रहे सात दिवसीय महापुराण ज्ञान यज्ञ एवं महारुद्र यज्ञ के साथ श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव की धूम रही। कथा के दौरान श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर बाल योगिनी साध्वी करुणागिरि महाराज, हरिद्वार ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं बाल लीलाओं का सजीव वर्णन किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग पर पूरा कथा पंडाल नंद के घर आनंद भयो के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए और पूरे वातावरण में उत्सव का माहौल छा गया। इस अवसर पर गिरी पंथ शिरोमणि पृथ्वी गिरी महाराज का भी पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किए। बीबासर में चल रहे इस भव्य आयोजन के चलते आश्रम परिसर में मेले जैसा माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। वहीं खान-पान के लिए दिल्ली की प्रसिद्ध मथुरा चाट की स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंगलवार को वेद पुराण आचार्य राकेश उनियाल, महारुद्र यज्ञ आचार्य मनोज शास्त्री, रासलीला आचार्य विवेक शर्मा, महारुद्र यज्ञ के मुख्य यजमान विजय सिंह पूनिया, मुंबई, भागवत कथा के मुख्य यजमान एवं संदीप गौड़ (बालक वाले) सहित यजमान घनश्याम गोयल, जयभगवान मित्तल, सुरेश गोयल, सुशील गोयल, अजीत सिंह एवं मनीष सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

You might also like