आंधी-बारिश से बदला मौसम, बरसात से आमजन को मिली गर्मी से राहत

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अचानक आई इस राहत ने सुकून दिया। शाम करीब चार बजे आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी चलने के कुछ समय बाद बारिश का दौर शुरू हुआ, जो कुछ समय तक जारी रहा।
इस दौरान तेज हवाओं के साथ बरसात से तापमान में तेजी से गिरावट आई और वातावरण ठंडा हो गया। मौसम के इस बदलाव से जहां आमजन ने राहत महसूस की, वहीं किसान भी खुश नजर आए, हालांकि कुछ किसानों तेज हवाओं के साथ आई बरसात से सब्जी की फसलों को हल्का नुकसान होने की आशंका जताई है।
आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं और हल्का नुकसान भी हुआ, लेकिन किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। बारिश के बाद खेतड़ी का मौसम सुहावना हो गया और लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवा का आनंद लेते दिखाई दिए।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में इसी तरह बदलाव की संभावना बनी हुई है। फिलहाल इस अचानक हुई बारिश से गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी है। इसके अलावा सिंघाना में तेज हवाओं के चलने से बिजली सप्लाई बंद हो गई। इस दौरान गर्मी में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद तेज हवाओं के बंद होने के बाद बिजली सप्लाई सुचारू रूप से शुरू करवाई गई।

You might also like