पेयजल पाइपलाइन टूटने से हजारों लीटर पानी बर्बाद
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी–सिंघाना रोड स्थित नानूवाली बावड़ी के खरकड़ा मोड़ पर के पास नगरपालिका प्रवेश द्वार के निकट मुख्य पेयजल पाइपलाइन टूट जाने से हजारों लीटर पेयजल लगातार व्यर्थ बह रहा है। पाइपलाइन से तेज गति से निकल रहा पानी सड़क किनारे फैलने से न केवल पेयजल की भारी बर्बादी हो रही है, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही समय-समय पर पेयजल संकट की स्थिति बनी रहती है। कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं हो पाता, ऐसे में मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल का बह जाना चिंता का विषय है। लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से समय रहते मरम्मत नहीं करवाई गई, जिससे लगातार पानी की बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने बताया कि पाइपलाइन से बह रहा पानी सड़क पर जमा होने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द मरम्मत नहीं करवाई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने कहा कि जल संरक्षण की लगातार अपील की जाती है, लेकिन इस प्रकार की तकनीकी लापरवाही से अमूल्य पेयजल व्यर्थ बहना चिंताजनक है।
स्थानीय नागरिकों ने जलदाय विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि क्षतिग्रस्त मुख्य पेयजल पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और क्षेत्र के लोगों को भविष्य में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो। लोगों का कहना है कि समय पर कार्रवाई होने से न केवल हजारों लीटर पानी बचाया जा सकेगा, बल्कि आमजन को होने वाली असुविधा से भी राहत मिलेगी। जल संरक्षण को लेकर गंभीरता दिखाते हुए विभाग से शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई गई है।