जानलेवा हमले का आरोपी सहित तीन गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के विशेष अभियान के तहत खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमले के आरोपी, पॉक्सो एवं आईटी एक्ट के वांछित आरोपी तथा एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी पूर्व रंजीता शर्मा के अनुसार 17 जून को इंदिरा गांधी नगर क्षेत्र में रोहित आलोरिया और उसके भाई दिनेश मौर्य पर लोहे के पाइप से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में वांछित लालाराम बैरवा (35) निवासी पालड़ी मीणा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के मामले में वांछित ईन्नू उर्फ माहिर (28) निवासी फकीरों का मोहल्ला, खोह नागोरियान को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने इलाके के सक्रिय हिस्ट्रीशीटर शाकिर खान (31) निवासी पाटियों की ढाणी को भी बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शाकिर किराये की थार और महंगी बाइकों पर स्कूल-कॉलेजों के बाहर घूमकर छात्राओं को परेशान करता था। वह छात्रों के बीच विवाद कराकर बाद में समझौता कराने के नाम पर कथित रूप से मोटी रकम वसूलता था। उसके खिलाफ मारपीट, लूट, चोरी, बलवा और जानलेवा हमले सहित 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रभावशाली लोगों का संरक्षण होने की धमकी देकर कार्रवाई से बचने का प्रयास करता था।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

You might also like