रामदेवरा के लिए तीन पैदल यात्री संघ रवाना, 410 श्रद्धालु हुए शामिल
निसं
बीदासर (नवयत्न)। गणगौरी चौक वार्ड 3 स्थित बाबा रामदेव मंदिर से रूणीचा के लिए पैदल यात्री संघ रवाना हुआ। डूंगर बालाजी पंचदेव बसंत धाम के संत महावीरदास के सानिध्य में निकले संघ को अध्यक्ष राजूराम बलिहारा ने बाबा रामदेव की आरती कर रवाना किया। संरक्षक जेठाराम यादव ने बताया कि संघ की यह 33वीं पैदल यात्रा है। इस बार संघ में करीब 100 श्रद्धालु शामिल हैं। इस दौरान गंगाराम मेहला, महेंद्र कुमार माली, गोपाल गुर्जर, दीपाराम सारण सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। इसी क्रम में दड़ीबा स्थित रामदेव मंदिर से आपणो रामा संघ भी रूणीचा के लिए रवाना हुआ। संघ अध्यक्ष मनोज सिंगटिया ने बताया कि जत्थे में करीब 200 यात्री शामिल हैं। वहीं आपणो प्रेम संघ का जत्था भी रामदेवरा के लिए रवाना हुआ। अध्यक्ष कन्हैयालाल दर्जी ने बताया कि जत्थे में 110 यात्री शामिल हैं। तीनों संघों के रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया।