नगरपालिका में निकली तिरंगा रैली, युवाओं में जगाया देशभक्ति का जज्बा
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी नगरपालिका प्रशासन की ओर से आजादी के पर्व को लेकर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। पालिका ईओ नागरमल गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा लेकर युवा देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल नजर आया। युवाओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। तिरंगा रैली नगरपालिका कार्यालय से रवाना होकर कस्बे के मुख्य बाजार, करोल बाजार, अस्पताल रोड, उपखंड कार्यालय, बस स्टैंड और हनुमानगढ़ी होते हुए वापस नगरपालिका कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान लोगों ने तिरंगे के साथ युवाओं का उत्साह बढ़ाया। बाजारों में भी रैली को देखने के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। ईओ नागरमल गुर्जर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और देश के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराना है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
रैली में शामिल युवाओं ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। नगरपालिका प्रशासन की ओर से रैली के दौरान लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों का आभार जताया गया। इस मौके पर एसआई सुनील सैनी, जेईएन नगेंद्र कुमार, संदीप शर्मा, सुखराम गुर्जर, संतोष कुमार, मोहित, अजय कुमार, सुरेश, डॉ सोमदत्त भगत, सुलोचना, विमला देवी, अनिता, सुनिता, कांता देवी सहित अनेक लोग मौजूद थे।