दर्दनाक सड़क हादसा : सिलेंडरों से भरे ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर मौत

नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न) । लोसल सीकर मार्ग पर स्थित खूड़ कस्बे में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। सिलेंडरों से भरे एक ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला ट्रक के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोछौर निवासी भंवरी देवी अपने पति और 4 वर्षीय पोते के साथ बाइक पर सवार होकर पीहर से ससुराल जा रही थीं। इसी दौरान खूड़ के सरकारी अस्पताल के सामने पीछे से आ रहे सिलेंडरों से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भंवरी देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही खूड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रक का पीछा कर चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करवाई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

You might also like