बिजली लाइन की केबल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पुलिस थाना पांचू ने विद्युत लाइन की केबल चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी हैं। पांचु थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि 4 सितंबर 2026 को विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता द्वारा थाना पांचू में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि पिथरासर रोही क्षेत्र में सिंगल फेज एलटी केबल लगातार चोरी हो रही थी। सुभाष पुत्र राजाराम की ढाणी से 2.6 किलोमीटर, भजनराम पुत्र रतिराम की ढाणी से 1.5 किलोमीटर तथा रामकरण पुत्र गणपतराम की ढाणी से 1.5 किलोमीटर कुल 5.6 किलोमीटर केबल चोरी होने की जानकारी सामने आई थी। मामले में थाना पांचू में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर गहन जांच करते हुए शंकरलाल गोदारा निवासी बरसिंहसर, थाना देशनोक तथा मनोज कुमार निवासी बरसिंहसर, पीएस देशनोक को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में विद्युत लाइन की केबल चोरी की वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी एक गिरोह बनाकर संगठित रूप से विद्युत केबल चोरी करते थे। शंकरलाल द्वारा अन्य थाना क्षेत्रों में भी विद्युत लाइन की केबल चोरी की वारदात करना बताया गया है। वहीं मनोज कुमार के खिलाफ पूर्व में मारपीट से संबंधित पांच प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यू क्रिमिनल लॉ के तहत संगठित अपराध की धाराएं जोड़कर कार्रवाई की है। पुलिस अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।