सुमन प्रजापत ने संभाला पालिका अध्यक्ष का कार्यभार

निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगर पालिका की नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत ने बुधवार को विधिवत रूप से पालिका अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व पालिका अध्यक्ष के कक्ष में पंडित पवन शर्मा एवं पंडित सुशील शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद अधिशाषी अधिकारी द्वारका प्रसाद ने सुमन प्रजापत को पालिका अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करवाया। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी द्वारका प्रसाद एवं सहायक अभियंता मुकेश स्वामी ने पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत को गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद पालिका सभागार में पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत, पालिका उपाध्यक्ष मन्नालाल नाई एवं नवनिर्वाचित पार्षदों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत ने कहा कि पालिका के सभी अनुभवी पार्षदों के अनुभव का लाभ लेते हुए बिना किसी भेदभाव के कस्बे के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर मिलजुलकर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा। समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं कस्बे के नागरिकों ने पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत का गुलदस्ते एवं फूलमालाएं भेंट कर स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। वहीं पालिका कार्यालय के बाहर रंगोली एवं आकर्षक सजावट कर नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान प्रधान संतोष मेघवाल, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष सीताराम भोभरिया, भाजपा जिला प्रवक्ता अरुण तिवाड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश सोनी, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि बाबूलाल करड़वाल, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य भंवर सिंह राठौड़, बाबूलाल गुसाईवाल सहित अनेक पार्षद एवं कस्बेवासी उपस्थित रहे।
डीजे-ढोल नगाड़ों के साथ निकाला विजय जुलूस
नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत के कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को डीजे एवं ढोल-नगाड़ों के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों से विजय जुलूस निकाला गया। विजय जुलूस में पालिका अध्यक्ष सुमन प्रजापत खुली जीप में सवार होकर निकली। इस दौरान जगह-जगह कस्बेवासियों का हुजूम उमड़ पड़ा और लोगों ने पुष्पगुच्छ एवं फूलमालाएं भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विजय जुलूस में पालिका उपाध्यक्ष मन्नालाल नाई एवं अनेक पार्षद भी खुली जीप में सवार रहे। उन्होंने मुख्य मार्गों से गुजरते हुए हाथ जोड़कर कस्बेवासियों का अभिवादन किया। जुलूस के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।

You might also like