मौज-मस्ती और नशे का शौक पूरा करने के लिए दुपहिया वाहन चुराने वाला गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और मौज-मस्ती व अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करता था। पूछताछ में उसने जयपुर शहर में 10 से अधिक वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। डीसीपी जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि विद्याधर नगर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले शातिर वाहन चोर गजराज सिंह उर्फ राहुल निवासी रींगस जिला सीकर हाल झोटवाड़ा जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के करीब आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं । पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी करने के बाद पकड़े जाने के डर से वह मोटरसाइकिलों को पार्किंग एरिया और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छिपा देता था। पुलिस अब आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों और चोरी के वाहनों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

You might also like