पानी की मांग को लेकर टंकी पर चढ़े दो युवक, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के विजयनगर ग्राम पंचायत की नाखरी की ढाणी में गुरुवार को पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फुट पड़ा। पेयजल संकट से परेशान दो युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं टंकी के नीचे धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मटके फोडक़र विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों के अनुसार नाखरी की ढाणी में करीब चार साल पहले पानी की टंकी का निर्माण करवाया गया था, लेकिन निर्माण के बाद से ही टंकी सूखी पड़ी है। टंकी में पानी नहीं आने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है। कि बार-बार अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। गुरुवार को पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण बड़ी संख्या में टंकी के पास एकत्रित हो गए। महिलाओं ने मटके फोडक़र विरोध जताया। इसी दौरान दो युवक विक्रम सैनी ओर रवि मरोडिया पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गए और पानी की समस्या का समाधान होने तक नीचे नहीं उतरने की बात कही। वहीं ग्रामीण टंकी के नीचे धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी की जरूरत और बढ़ जाती है, लेकिन ढाणी में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। इससे महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों से मांग की कि उच्च अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करवाएं और चार साल से सूखी पड़ी टंकी में पानी की आपूर्ति शुरू करवाई जाए। घटना की सूचना पर एएसआई प्रदीप कुमार पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा टंकी पर चढ़े युवकों से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन वह समाधान करवाने की मांग पर अंडे रहे। इस मौके पर ओमवीर, विक्रम, बाबूलाल, निवास, जगदीश, जयराम, महेंद्र, अनिल, खेमचंद, देशराज, सरदाराराम, सुरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, सुनील, राजेश सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।

You might also like