स्टंट के दौरान बेकाबू कार बेकरी में घुसी : पांच युवक घायल
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। करणी विहार थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सिरसी रोड स्थित विशनावाला इलाके में स्टंट कर रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे स्थित एक बेकरी में जा घुसी। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
करणी विहार थानाधिकारी हवा सिंह यादव ने बताया कि युवक तेज गति से कार दौड़ाते हुए स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार पलटते हुए बेकरी में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार को लेकर पड़ताल की जा रही है।