ग्रामीणों ने कच्चे जोहड़ निर्माण में फर्जी मस्टररोल जारी कर बिना श्रमिकों के भुगतान उठाने का लगाया आरोप

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । किलीपुरा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को तारानगर उपखण्ड अधिकारी प्रियंका कड़ेला को ज्ञापन देकर गांव की जोहड़ पायतन की भूमि पर पंचायत की ओर से करवाए जा रहे कच्चे जोहड़ निर्माण कार्य में फर्जी मस्टररोल जारी कर बिना श्रमिकों के भुगतान उठाने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम किलीपुरा में जोहड़ पायतन की भूमि पर ग्राम पंचायत द्वारा पिछले काफी दिनों से कच्चे जोहड़ का निर्माण करवाया जा रहा है जिसमें धरातल पर किसी भी प्रकार का कार्य श्रमिकों के द्वारा नही करवाया गया है. ग्राम पंचायत के प्रशासक, ग्राम विकास अधिकारी व अन्य कर्मचारियों की मिलिभगत से फर्जी मस्टररोल जारी कर बिना श्रमिकों के फर्जी तरीके से जीओ टेकिंग कर श्रमिकों के काम को जेसीबी लगाकर करवाया जा रहा है और फर्जी तरीके से रूपये उठाये जा रहे है वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों का नाम सूची में शामिल नही किये गये है। ग्रामीणों ने किलीपुरा के जोहड़ पायतन में चल रहे कच्चे जोहड़ खुदाई कार्य में मनरेगा श्रमिकों को लगाने, जोहड़ खुदाई में हुये भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने व आवासहीन परिवारों की सूची में जरूरतमंद लोगों के नाम जोड़ने की मांग की। इस मौके पर मांगीलाल गहलोत, हरिसिंह बेनीवाल, विक्रम सोनी, लिलाधर नैण, दीपगर गोस्वामी, महावीर गोस्वामी, जगदीश पूनिया, संजय सांगवान, महेंद्र कस्वा, मनीराम नायक आदि अनेक ग्रामीण मौजूद थे।

You might also like