सडक़ पर संभलकर चलिए, घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है – वर्मा
कासं
झुंझुनूं (नवयत्न)। सडक़ सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि अपने जीवन और परिवार की खुशियों की रक्षा करने की जिम्मेदारी है। इसी भाव के साथ लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन ने सेवा सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को रविंद्र पब्लिक स्कूल में सडक़ सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात प्रभारी कस्तूर वर्मा रहे। विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यातायात प्रभारी कस्तूर वर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सडक़ पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी जिंदगीभर का दर्द दे सकती है। वाहन चलाते समय जल्दबाजी के बजाय धैर्य और सावधानी जरूरी है। उन्होंने हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को भावनात्मक संदेश देते हुए कहा, जब भी वाहन लेकर घर से निकलें, एक बार जरूर सोचें कि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है। उन्होंने बच्चों से अपने माता-पिता से यह सवाल करने की अपील की कि यदि वे सुरक्षित घर नहीं लौटे तो परिवार का क्या होगा। उन्होंने कहा कि यह सोच प्रत्येक वाहन चालक के मन में होगी तो सडक़ दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। कार्यक्रम के आयोजन में लायन नरेंद्र सिंह झाझडिय़ा एवं लायन नीतू सिंह झाझडिय़ा का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन रहा। मेंबरशिप ग्रोथ चेयरपर्सन लायन रणवीर सिंह गोदारा ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का आभार जताया। अंत में डॉ. मूंड ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा परिवार को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई।
बच्चों से शुरू होगी बदलाव की राह – डॉ. मूंड
क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन डॉ. मुकेश एस. मूंड ने कहा कि सडक़ सुरक्षा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में सतत प्रयास है। क्लब आगामी दिनों में जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं परीक्षाएं आयोजित करेगा। बच्चों के माध्यम से सडक़ सुरक्षा का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सडक़ सुरक्षा का उद्देश्य केवल चालान या नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना है। हर व्यक्ति समझे कि उसकी सुरक्षित घर वापसी उसके परिवार की खुशी से जुड़ी है।
नशे को ना, जिंदगी को हां – कार्यक्रम आज
लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन की ओर से आज 7 अक्टूबर को प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल, झुंझुनूं में सुबह 7:30 बजे नशा मुक्त जीवन अभियान के तहत कार्यक्रम होगा। डॉ. कपूर थालौर विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम के संयोजक लायन डॉ. गुलझारी लाल कालेर होंगे।