जल संकट गहराया, ग्रामीणों का जलदाय विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । क्षेत्र के गांव काकलासर में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से गांव में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है, वहीं मवेशियों के लिए भी पानी की किल्लत बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार फोन करने के बावजूद अधिकारी फोन नहीं उठाते, और यदि फोन उठाते भी हैं तो संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है।
बाद में ग्रामीणों ने सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह छाजूसर के नेतृत्व में जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। इस दौरान श्रवण नाथ, सादुलसिंह, प्रभुसिंह, राजूराम चंदेल, तारु नाथ, पवन कुमार नायक, भीमनाथ, विष्णु नाथ, उपेन्द्र सिंह, धीरज सिंह, मोहर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।