विद्यालय में लगाए परिंडे
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । भीषण गर्मी के दस्तक देते ही बेजुबान पक्षियों के लिए दाने-पानी का संकट गहराने लगा है। इसी मानवीय संवेदना को समझते हुए रतनगढ़ की स्थानीय एयू बैंक शाखा द्वारा तहसील के ग्राम नोसरिया स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय में एक सराहनीय पहल की गई। बैंक के फाउंडेशन दिवस के उपलक्ष्य में शाखा प्रबंधक राकेश कौशिक के निर्देशन में विद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। इस अवसर पर बैंक अधिकारी भानु प्रकाश स्वामी ने जीव-सेवा पर बल देते हुए कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना न केवल पुण्य का कार्य है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक आवश्यक कदम भी है। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी अपनी छतों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाने का आह्वान किया ताकि इस तपती धूप में किसी बेजुबान की प्यास न रहे। संस्था प्रधान गोपाल कृष्ण पारीक ने बैंक के इस सामाजिक सरोकार की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बैंक अधिकारी मयंक भरतीया, पंकज पीपलवा, पंकज जांगिड़, कैलाश मंडार, सरोज सरोज थोरी सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।