हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से खेतों में लगी आग
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ तहसील के ग्राम गौरीसर में गत रात्रि को हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से खेतों में आग लग गई। आग की लपटें देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई तथा मिट्टी व पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील के ग्राम गौरीसर निवासी भंवरसिंह एवं उमरद्दीन के खेतों के ऊपर से 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। गत रात्रि को विधृत लाईन के तार आपस में टकराने से स्पार्किंग हुई, जिससे बाड़बंदी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे तथा आग पर मिट्टी व पानी डालकर काबू पाया, जिससे आग आगे नहीं फैल पाई और बड़ी हानि होने से बच गई। किसानों ने बताया कि वर्तमान में तैयार फसलों की कटाई की जा रही है, ऐसे में आग से तैयार फसल नष्ट हो सकती थी। घटना में किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।