सिंघाना अंडर पास में जल भराव, लोगों ने जताया विरोध
विजेंद्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । हर वर्ष मानसून या बारिश के दौरान आम जनता को होने वाली परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रेलवे स्टेशन के पास सिंघाना बाईपास रोड पर बने रेलवे अंडरपास का है, जहां अंडरपास में भारी जलभराव हो जाने के कारण स्थिति बेहद नारकीय बन गई है। जलभराव के इस गंभीर संकट के चलते वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि थोड़ी सी बारिश में ही यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों का सब्र जवाब दे गया है। समस्या के समाधान को लेकर लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हो रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने गुरुवार को एकजुट होकर रेलवे स्टेशन के पास बने रेलवे अंडरपास पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। लोगों का कहना है कि हर बार बारिश के मौसम में उन्हें इस तरह के हालात का सामना करना पड़ता है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। रेलवे अंडरपास दोनों तरफ से पूरी तरह खुला होने के कारण बारिश का पूरा पानी मार्ग पर भर जाता है। पानी अधिक भरने के कारण बीच रास्ते में वाहन भी बंद हो जाते हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप्प हो जाता है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने इस अंडरपास को तत्काल कवर कर समस्या से स्थायी समाधान दिलाए जाने की मांग की है। यह प्रदर्शन समाजिक कार्यकर्ता ऋषि झाझड़िया के नेतृत्व में हुआ। प्रदर्शन में राकेश योगी, दिनेश झाझड़िया, बबलू झाझड़िया, विद्याधर झाझड़िया, शीशराम मोटसरा, हरिप्रसाद जांगिड़, विकास, सुभाष मेघवाल सहित अन्य ग्रामीण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।