बस में वन्यजीव तस्करी का खुलासा, 18 गोह बरामद
निसं
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। अजीतगढ़ से मकराना जा रही सवारियों की बस में वन्यजीव तस्करी का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने श्रीमाधोपुर रेंज कार्यालय के सामने नाकाबंदी कर बस की तलाशी ली तो दो कट्टों में 18 मॉनिटर लिजार्ड (गोह) और एक कट्टे में शतावरी मिली। वन विभाग ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। वन्यजीवों की इतनी बड़ी संख्या में बरामदगी के बाद विभाग तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुट गया है। कार्रवाई सहायक वन संरक्षक वन्यजीव देवेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में की गई। वन्यजीवों की अवैध तस्करी की सूचना मिलने पर उन्होंने उप वन संरक्षक, सीकर को अवगत कराया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह चौधरी की अगुवाई में टीम ने श्रीमाधोपुर रेंज कार्यालय के सामने नाकाबंदी की।
तलाशी में कट्टों से निकले वन्यजीव
नाकाबंदी के दौरान अजीतगढ़-मकराना मार्ग पर जा रही बस को रुकवाकर तलाशी ली गई। इस दौरान बस में सफर कर रहे लोगों के पास मौजूद दो कट्टों से 18 मॉनिटर लिजार्ड बरामद हुए। वहीं, एक अन्य कट्टे में शतावरी मिली। वन विभाग की टीम ने वन्यजीवों और शतावरी को जब्त कर लिया तथा मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया।
नागौर जिले के रहने वाले हैं आरोपी
वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नेमाराम निवासी चितावा, लालूराम निवासी रेवड़ड़ी और रामचंद्र बावरी निवासी नगवाड़ा शामिल हैं। वहीं, नगवाड़ा निवासी एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। मामले का अनुसंधान क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह कर रहे हैं।
तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटा विभाग
वन्यजीवों की बरामदगी के बाद वन विभाग आरोपियों से पूछताछ कर रहा है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गोह कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही, तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।