दूध लेने घर से निकली महिला की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। थाना इलाके के कंचनपुर के पास डीएफसी रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा हो गया। कंचनपुर फाटक संख्या 92 के पास रेलवे लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से हरदाकावाली निवासी सीता देवी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को श्रीमाधोपुर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों के अनुसार सीता देवी शनिवार सुबह करीब 6 बजे घर से दूध लेने के लिए निकली थी। इसी दौरान कंचनपुर के पास रेलवे लाइन पार करते समय वह मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में एक बेटा दीपक और एक बेटी पायल है। मां की असमय मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। हैड कांस्टेबल धूड़ाराम ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।