बोरिंग पास होने पर भी नहीं हुआ कार्य शुरू, सौंपा ज्ञापन

विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । शहर के वार्ड 19 व 22 (नया वार्ड 31, 33) स्थित केडिया हवेली क्षेत्र के निवासी पिछले करीब पांच महीनों से गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। पानी की विकट समस्या से परेशान वार्डवासियों ने उपखंड अधिकारी के नाम नायब तहसीलदार बलबीर सिंह कुलहरी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द बोरिंग का कार्य शुरू करवाने की पुरजोर मांग की है।
खाने-पीने के पानी का भी संकट
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र में पानी के लिए बोरिंग पास हो चुका है लेकिन इसके बावजूद जलदाय विभाग चिड़ावा द्वारा अभी तक बोरिंग का काम शुरू नहीं करवाया गया है। आलम यह है कि मोहल्लेवासियों को खाने-पीने के पानी के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदार पर मनमानी का आरोप-
वार्डवासियों का आरोप है कि बोरिंग पास होने के बावजूद संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। जब मोहल्लेवासियों ने ठेकेदार से काम चालू करने का आग्रह किया तो उसने दो टूक कह दिया कि “मेरी मर्जी होगी तब यह काम चालू करूंगा, मैं अभी काम चालू नहीं करूंगा।”
ज्ञापन के दौरान ये रहे मौजूद-
क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार बलबीर सिंह कुलहरी से मांग की है कि वे जलदाय विभाग को तुरंत बोरिंग का कार्य शुरू करवाने और पानी की सप्लाई सुचारू करने के आदेश दें ताकि आम जनता को इस भीषण गर्मी और पेयजल संकट से राहत मिल सके। इस दौरान रतन, महेंद्र चौमाल, लीलाधर सोनी, दीपक, सुशील, राजेश, राकेश, निखिल चौधरी, निशा, मीरा, कृष्णा, पूजा, सरोज, किरण, संतोष और शारदा सहित कई अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।

You might also like