एक वीरांगना सहित 104 लोगों को जिला स्तरीय सम्मान

सुरेन्द्र शर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शनिवार को स्वर्ण जयंती स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बैंड प्रदर्शन और व्यायाम प्रदर्शन ने भी समारोह में आकर्षण बढ़ाया। समारोह में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बलिदानी योद्धा की वीरांगना सहित कुल 104 लोगों का जिला स्तरीय सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में विद्यार्थी, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता, भामाशाह, पत्रकार, अधिकारी-कर्मचारी, होमगार्ड, पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग और विभिन्न संस्थाएं शामिल रहीं।


वीरांगना किरण देवी का सम्मान
बलिदानी योद्धा हवलदार ईश्वर सिंह की पत्नी किरण देवी, निवासी डूमोली कलां, को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में दैनिक भास्कर के संपादक लालचंद मीणा, वीर वीरांगना के संपादक राधेश्याम भारती और आईना-ए-शेखावाटी के संपादक रामानंद शर्मा को सम्मान मिला। समारोह में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव महेंद्र सोलंकी, एडीजे कालूराम, जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज मील, निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

You might also like