सैयद उमराव शहीद गाजी का 942वां उर्स शुरू
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर स्थित हजरत सैयद उमराव शहीद गाजी सरकार का 942वां सालाना उर्स शनिवार 30 मई से अकीदत के साथ शुरू हुआ। उर्स के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें देशभर से जायरीन एवं अकीदतमंद शामिल होकर दरगाह पर हाजिरी देंगे और अमन, चैन तथा खुशहाली की दुआ होगी। उर्स आयोजन समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उर्स 12 जिलहिज्जा 1447 हिजरी से प्रारंभ होकर 16 जिलहिज्जा 1447 हिजरी अर्थात 3 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान दरगाह परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन, महफिल-ए-मिलाद, कव्वाली और चादर शरीफ के कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम के तहत शनिवार को असर की नमाज के बाद ‘धमा बैठकी’ का आयोजन हुआ। 31 मई रविवार को नमाज-ए-इशा के बाद महफिल-ए-मिलाद होगी। 1 जून सोमवार को फज्र की रात में महफिल-ए-मिलाद और कव्वाली का कार्यक्रम रखा गया है।
इसी प्रकार मंगलवार को गुल एवं संदल की रस्म अदा की जाएगी तथा रात्रि में कव्वाली का आयोजन होगा। उर्स के अंतिम दिन 3 जून बुधवार को चादर शरीफ एवं कुल की रस्म अदा की जाएगी। शाम 5 बजे चादर शरीफ का जुलूस बडबोड़ा सिलावट मस्जिद से दरगाह शरीफ के लिए रवाना होगा। आयोजन समिति के सदस्य शेख असगर अली ने बताया कि उर्स के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दरगाह पहुंचकर हजरत गाजी सरकार की बारगाह में हाजिरी देंगे।