करियर मार्गदर्शन कार्यशाला में विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । एमजेडी महाविद्यालय तारानगर में शुक्रवार को करियर मार्गदर्शन विषय पर एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वनस्पतिशास्त्र विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं नवाचार कौशल विकास प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सही दिशा प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में पूनम राठौर जो एमपीपीएससी एवं आरपीएससी में बॉटनी विषय में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं, तथा योगेश बिश्नोई प्रख्यात लाइफ साइंस विशेषज्ञ, उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सटीक रणनीति, समय प्रबंधन, निरंतर अभ्यास एवं आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम प्रभारी प्रो. योगिता ने बताया कि कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणास्पद रही तथा इसका सफल संचालन सभी के सहयोग से संभव हो पाया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य सत्यवती बुडानिया ने संसाधन व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति सजग एवं समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी प्रो. अन्नू महला तथा प्रो. छगन दान सहित महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ संपन्न हुआ।

You might also like