पुलिस ने 19.5 ग्राम एमडी ड्रग पकड़ी: दो आरोपी गिरफ्तार, 7.36 लाख रुपए और कार भी जब्त
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । बीकानेर जिले के नोखा पुलिस थाने ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 19.5 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी, 7 लाख 36 हजार रुपए नकद और एक स्विफ्ट कार जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रोही सलुंडिया में की कार्रवाई
थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली जिप्पर प्लास्टिक थैलियां और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया। यह कार्रवाई 1 मई को रोही सलुंडिया में की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राकेश विश्नोई (27) पुत्र हड़मानाराम, निवासी सलुंडिया (हाल हरिरामजी मंदिर के पीछे नोखा) और मनोज गिरी (25) पुत्र श्री भंवर गिरी, निवासी बीकासर के रूप में हुई है।
आरोपी राकेश पर पहले से तीन मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी राकेश विश्नोई के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।