गांव तैलाप का मामला
लोन की किस्तें नहीं चुकाने पर आवास फाइनेंस कंपनी ने एक मई को किया था मकान कुर्क
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। चूरू जिले की सुजानगढ़ तहसील के तेलाप गांव में शनिवार को आवास फाइनेंस कंपनी की ओर से कुर्क किए गए मकान की कुर्की अखिल भारतीय किसान सभा के नेताओं कार्यकर्ताओं ने तोड़ दी। सभा के हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष मंगेज चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कुर्की तोड़ी। कुर्क किए गए मकान मालिक राजू रांकावत ने बताया कि उनके पिता ने आवास फाइनेंस कंपनी से 2016 में मकान की रिपेयरिंग के लिए 7 लाख रुपए का लोन लिया था। जिसके बदले अप्रैल 2025 तक उन्होंने 11 लाख रुपए चुका दिए। लेकिन उसके बावजूद भी कंपनी 11 लाख रुपए और मांग रही थी। पिता की तबियत खराब होने के कारण पिछले एक साल से वो किस्त जमा नहीं करवा पाए। जिसके बाद कंपनी ने कई बार नोटिस भेजे। आखिर एक मई को घर की कुर्की कर दी। राजू ने बताया कि उनके पिता सहित पूरा परिवार खेती का काम करता है। पिता के बीमार हो जाने पर वो किस्तें जमा नहीं करवा पाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुर्की के समय कंपनी के लोगों ने उनकी गाय को भी घर के अंदर बंद कर दिया। जो 24 घंटे तक भूखी प्यासी रही। किसान नेता मंगेज चौधरी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी समेत कई पार्टियों के नेता फाइनेंस कंपनियों से मिले हुए हैं। इसलिए वो किसान के साथ हो रही ज्यादतियों के खिलाफ नहीं बोल सकते। किसान सभा के चूरू जिला संयुक्त सचिव रामनारायण रुलानिया ने कहा कि जिले और तहसील में फाइनेंस कंपनियों को किसानों के साथ ज्यादती नहीं करने देंगे।