वकीलों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । स्थानीय अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी कार्यालय में सौंपकर उपखण्ड अधिकारी सरदारशहर के रीडर द्वारा अभिभाषक संघ के अधिवक्तागण के खिलाफ लगातार अभद्र भाषा, अभद्र व्यवहार, खुलेआम रिश्वत की मांग और अधिवक्ता की बिना जानकारी के फाइलों में फेर बदल करने के आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में बताया गया है कि उपखण्ड अधिकारी सरदारशहर और जिला कलेक्टर चूरू को ज्ञापन देने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं की जा रही हैं और रीडर के इस व्यवहार के विरोध में 23 फरवरी से लगातार उपखण्ड न्यायालय का बहिष्कार व 27 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना सरदारशहर में चल रहा है। इसलिए इस मामले में रीडर के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही अति शीघ्र की जाए। अन्यथा अभिभाषक संघ सुजानगढ़ को भी अभिभाषक संघ सरदारशहर के समर्थन में आन्दोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपते वक्त अध्यक्ष सूरजमल यादव, एडवोकेट निरंजन सोनी, करणीदान चारण, रजनीकांत सोनी, सलीम खान गाजी, प्रदीप कठातला, हनुमान प्रजापत, पवन सोनी, धाराचंद स्वामी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।