गैस गोदाम-जोगलिया मार्ग पर ग्रेवल सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर से गैस गोदाम होते हुए जोगलिया जाने वाले कटानी रास्ते पर ग्रेवल सड़क निर्माण को लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों ने सड़क निर्माण में अनियमितता एवं घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए तहसीलदार राजलदेसर के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य की जांच करवाने तथा पूरा मार्ग बनवाने की मांग की है। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि नगरपालिका द्वारा करीब 3 किलोमीटर सड़क निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन केवल डेढ़ किलोमीटर तक ही सड़क बनाई गई। साथ ही तय मानकों के अनुसार 8 इंच ग्रेवल डालने के बजाय मात्र 4 इंच ग्रेवल डालने का आरोप लगाया गया है, जिससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों ने बताया कि इस मार्ग के आगे कई ढाणियां स्थित हैं, जहां तक पहुंचने में ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं। किसानों ने मांग की कि पूरे 3 किलोमीटर तक ग्रेवल सड़क का निर्माण करवाया जाए ताकि आमजन और किसानों को राहत मिल सके। ज्ञापन में नगरपालिका पर सड़क निर्माण से संबंधित स्टीमेट की फोटो कॉपी उपलब्ध नहीं कराने का आरोप भी लगाया गया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 5 दिनों के भीतर स्टीमेट की प्रतिलिपि उपलब्ध नहीं करवाई गई तो नगरपालिका कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि एसडीएम रतनगढ़, जिला कलेक्टर चूरू एवं मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार को भी प्रेषित की गई है। इस दौरान हरिराम भामू, भवानी नाई, भगवानाराम, मदनलाल, शंकर मेघवाल, सीताराम खीचड़, किशन जाट, हड़मानाराम, धनराज नाई, बीरबल सुथार, राजू भार्गव , मेघाराम जाट , लूणाराम भामू , राम कड़वासरा , लालचन्द भामू, इंद्र चंद , पूनमचंद पाण्डे , नथुराम , प्रदीप , रामेश्वर मेघवाल , सोहनलाल , हड़मानाराम ,सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।